Saturday 17 June 2017

भारत की भाषा हिंदी हो

भारत से प्रेम रगों में हो
भारत की भाषा हिंदी हो

पूरब से लेकर पश्चिम तक
मन से भाषा का मान करे
उत्तर से लेकर दक्षिण तक
जन जन इसका सम्मान करें।
हर एक प्रदेश इसे बोले
हो मातृभाषा की जयकार
समझें जो लोग
अहिंदी हो
भारत की भाषा
हिंदी हो।

भाषा की अपनी खूबी है,
सुंदरता व मर्यादा है।
समझ किसी की भाषा पर
माना कुछ कम ज्यादा है।
पर अभियान रहे जारी
हो जन गण मण की कंठहार
चीनी हो या फिर
सिंधी हो
भारत की भाषा
हिंदी हो।

अपनी भाषा में चिंतन से,
क्षितिज नये खुल जाते है।
सच है भाषा सध जाने से
विकल्प कई मिल जाते हैं।
नजदीक उन्हें यह ले आती
जो प्रेम करें इससे गहरा
यह हर माथे की
बिंदी हो
भारत की भाषा
हिंदी हो।

प्रीति सुराना "अंतरा"

1 comment: