Wednesday 8 June 2016

आज एक बिरवा रोंपा है,..


आज एक बिरवा रोंपा है मैंने मन के आंगन में।
सोचा है फिर रंग भरुंगी सूने से इस जीवन में।

दूर दूर तक देखा जाकर
हरियाली का नाम नहीं है,
खिली खिली सी रंगत वाली
कोई सुनहरी शाम नहीं है,
सोचा है फिर से पहनूंगी सातो रंग मैं कंगन में।
आज एक बिरवा रोंपा है मैंने मन के आंगन में।
सोचा है फिर रंग भरुंगी सूने से इस जीवन में।
पंछी का कलरव होता था
शाम ढले पनघट के तट पर
छमछम बरखा की बूंदें
बरसा करती थी छत पर
सोचा है फिर से भीगूंगी अब की बार मैं सावन में।
आज एक बिरवा रोंपा है मैंने मन के आंगन में।
सोचा है फिर रंग भरुंगी सूने से इस जीवन में।
बड़े बड़े से महल खड़े है
जहां आम के पेड़ खड़े थे
याद कहां रहता था बातों में
कौन थे छोटे कौन बड़े थे
सोचा है फिर खेलूंगी गुड़िया मैं सखियों के संग में।
आज एक बिरवा रोंपा है मैंने मन के आंगन में।
सोचा है फिर रंग भरुंगी सूने से इस जीवन में।
मंदिर की घंटी को सुन कर
सब भागे भागे आते थे
अंजुरी में पंचामृत पीकर
चन्दन का तिलक लगाते थे
सोचा है फिर से केसर का रंग भरुंगी चन्दन में।
आज एक बिरवा रोंपा है मैंने मन के आंगन में।
सोचा है फिर रंग भरुंगी सूने से इस जीवन में। ,...प्रीति सुराना

0 comments:

Post a Comment